Lucknow News: राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सरकारी इंटर कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल के बेटे ने गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक की पहचान प्रखर पाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन देर तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
यूपीएससी परीक्षा के बाद तनाव में था प्रखर
मिली जानकारी के अनुसार प्रखर पाल की मां सुष्मलता राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल हैं। बताया गया कि प्रखर ने रविवार को यूपीएससी की परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद उसने अपनी मां से कहा था कि उसका पेपर खराब हो गया है, जिससे वह काफी परेशान था।
सुष्मलता ने बेटे को समझाते हुए कहा था कि निराश होने की जरूरत नहीं है और अगली परीक्षा की तैयारी करनी चाहिए। हालांकि इसके बाद मां-बेटे के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी।
पक्के पुल से गोमती नदी में लगाई छलांग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह प्रखर स्कूटी से पक्के पुल पहुंचा था। कुछ देर तक पुल पर खड़े रहने के बाद उसने अचानक गोमती नदी में छलांग लगा दी। युवक को नदी में कूदते देख वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी देर तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पुल पर खड़ी मिली स्कूटी, डिक्की में मिले कपड़े और हेल्मेट
पुलिस को पक्के पुल पर प्रखर की स्कूटी खड़ी मिली। स्कूटी को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम हाउस परिसर में पहुंचाया। जांच के दौरान स्कूटी की डिक्की से युवक के कपड़े और हेल्मेट भी बरामद हुए। बताया जा रहा है कि प्रखर के पिता विष्णु गोपाल पाल की कुछ वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही सुष्मलता बेसुध हो गईं।
उल्लेखनीय है कि जिस स्थान से प्रखर ने गोमती नदी में छलांग लगाई, उसके ठीक सामने उसकी मां का कॉलेज स्थित है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Author: Shivam Verma
Description










