Delhi News: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां महज 150 रुपये के मामूली विवाद में एक युवक की जान ले ली गई। इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान पारस के रूप में हुई है, जिस पर बेरहमी से चाकू से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस को यह मामला सोमवार को उस वक्त पता चला जब उन्हें एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली। मृतक की बहन ने पुलिस को जानकारी दी कि उसका भाई घर के पास गंभीर अवस्था में लहूलुहान मिला है। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था, जिसे देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज की बारीकी से जांच और लोकल इंटेलिजेंस से मिले इनपुट्स के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तिलक नगर के चौकखंडी इलाके में स्थित एक पार्क से तीन नाबालिगों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान हैरान करने वाला खुलासा हुआ। पकड़े गए नाबालिगों ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले पारस ने उनमें से एक से 150 रुपये उधार लिए थे, जिसे वह वापस करने से इनकार कर रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने पारस को रास्ते में घेरकर उससे झगड़ा किया और फिर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्लाइंड मर्डर केस को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया है। फिलहाल, पकड़े गए तीनों नाबालिगों को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली में बढ़ते अपराध और युवाओं में बढ़ते गुस्से के स्तर पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: Shivam Verma
Description











