Bulandshahr News: बुलंदशहर के चोला थाना क्षेत्र के गांव कौराली में एक पारिवारिक समारोह के दौरान डीजे पर डांस कर रही महिलाओं की वीडियो बनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि यह हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। गैर संप्रदाय के कुछ युवकों द्वारा जबरन वीडियो बनाने का विरोध करने पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
क्या है पूरा मामला?
बुलंदशहर में दलित समुदाय की बारातों और समारोहों में विवाद की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में धमरावली गांव में भी दलितों की बारात को लेकर बवाल हुआ था। अब ताजा मामला चोला थाना क्षेत्र के कौराली गांव से सामने आया है।
गांव के रहने वाले किरनपाल के पोते का 26 मार्च को कुआं पूजन का कार्यक्रम था। इसी दौरान रात करीब 8 बजे परिवार की महिलाएं और रिश्तेदार डीजे पर डांस कर रहे थे। उसी समय गांव के ही मोइल और फारूख पुत्र खुर्शेद, फरीद पुत्र मुन्तयाज, फिरोज पुत्र बाबू, फरदीन पुत्र साबिर, इन्तयाज पुत्र जाबिद, फरदीन पुत्र आरिफ और फरदीन पुत्र हंसार वहां पहुंचे और मोबाइल से महिलाओं की वीडियो बनाने लगे।
महिलाओं और उनके परिजनों ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से खुशी का माहौल अफरातफरी में बदल गया।
युवक गंभीर रूप से घायल
मारपीट और पथराव की इस घटना में मनीष पुत्र रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी भी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही चोला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने रनपाल सिंह की तहरीर पर आठ आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 191(2), 115 (2), 352, 351 (2) और अनुसूचित जाति/जनजाति अधिनियम की धारा 3(1)(द) और 3(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

Author: Shivam Verma
Description