Moradabad News: ईदगाह में नमाज अदा करने के दौरान दो गुटों के बीच गहमागहमी का माहौल बन गया। यूपी प्रशासन की सतर्कता के बावजूद कुछ नमाजियों ने दोबारा नमाज पढ़ने की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। हालाँकि, स्थिति को जल्द ही काबू में कर लिया गया।
मुरादाबाद के थाना गल शहीद क्षेत्र में स्थित ईदगाह में सुबह 8 बजे बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने के लिए एकत्र हुए थे। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए नमाज को दो पालियों में विभाजित करने का निर्णय लिया था। पहली पाली के नमाजी जब नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे और दूसरी पाली के लोग अंदर प्रवेश कर रहे थे, तभी कुछ विवाद खड़ा हो गया।
नमाजियों के बीच हुई गहमागहमी धीरे-धीरे हंगामे में बदल गई। कुछ लोगों ने दोबारा नमाज पढ़ने की मांग की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। प्रशासन पहले से सतर्क था और स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए था। पुलिस बल मौके पर मौजूद था, जिसने स्थिति को बिगड़ने से रोकने की पूरी कोशिश की।

हंगामे की खबर मिलते ही समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ईदगाह पहुंचीं। उनके साथ कांग्रेस के नव-निर्वाचित जिला अध्यक्ष विनोद गुंबर और पूर्व दर्जा प्राप्त हाजी इकराम कुरैशी भी वहाँ पहुंचे। नेताओं की मौजूदगी से नमाजियों में उत्साह बढ़ा और हंगामा और भी तेज हो गया।
उत्तर प्रदेश प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में एक्टिव है, जिससे हंगामें और शोरगुल पर शीघ्र ही नियंत्रण कर लिया गया। दोबारा नमाज पढ़ने की अनुमति भी दी गयी।











