Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में मनबढ़ युवकों के बढ़ते उत्पात ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के इलिया मोड़ का है, जहां कुछ युवकों द्वारा एक रेस्टोरेंट और बिरयानी की दुकान में घुसकर हंगामा, मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
देर शाम दुकान पर पहुंचकर शुरू किया विवाद
जानकारी के अनुसार, देर शाम कुछ युवक अचानक दुकान पर पहुंचे और नॉनवेज को लेकर विवाद करने लगे। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दुकान के अंदर घुसकर कर्मचारियों और संचालकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों का हंगामा काफी देर तक चलता रहा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सीसीटीवी वीडियो
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है। वायरल वीडियो में कुछ युवक दुकान के अंदर घुसकर हंगामा करते और लोगों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
व्यापारियों में बढ़ा भय का माहौल
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इलाके में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन मनबढ़ युवकों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ता जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार, ऐसी घटनाओं से बाजार में भय का माहौल बन गया है और कारोबार प्रभावित हो रहा है।
पीड़ित पक्ष ने सदर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो व्यापारियों के लिए काम करना मुश्किल हो जाएगा।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले अलीनगर थाना क्षेत्र के कस्बा इलाके में भी बिरयानी की दुकान पर मारपीट, तोड़फोड़ और लूट की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Shivam Verma
Description










